चारधाम यात्रा में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ा पड़ा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम के दर्शन के लिए आ रहे हैं. उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़े खुद इसकी तस्दीक कर रहे है. आज 9 मई की बात की जाए तो चारोंधाम में 57 हजार से ज्यादा भक्तों ने दर्शन किए. इस तरह चारधाम में भक्तों के दर्शन का आंकड़ा 9 लाख 77 हजार से ज्यादा पहुंच गया है.

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की बात की जाए तो आज यमुनोत्री धाम में 11066 भक्तों ने दर्शन किए हैं. इस तरह यमुनोत्री धाम का आंकड़ा एक लाख 16 हजार के पार पहुंच गया हैं. उसी तरह गंगोत्री धाम में आज शनिवार 9 मई को 12 हजार से ज्यादा भक्तों ने दर्शन किए. गंगोत्री धाम में भी अभी तक एक लाख 55 हजार से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं. दोनों धाम गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुले थे.

इसी तरह केदारनाथ धाम के आंकड़ों पर गौर तो यहां सारे रिकॉर्ड टूटते हुए दिख रहे हैं. केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुले थे. 22 अप्रैल से लेकर 9 मई तक चार लाख 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर पहुंचे. वहीं आज भी करीब 19130 भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए है.

वहीं चौथे धाम बदरीनाथ धाम की बात करें तो यहां आज 9 मई को 15535 भक्तों ने दर्शन किए. इस तरह बदरीनाथ धाम में अभी तक भक्तों के दर्शन का आंकड़ा 2 लाख 45 हजार के पार पहुंच गया है. इन आंकड़ों के आधार पर कहा जा सकता है कि उत्तराखंड चारधाम यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है.

सरकार की तरफ से भी चारधाम यात्रा में सभी इंतजाम किए गए है. तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की दिक्कत का न हो, इसके पुलिस-प्रशासन की अलग-अलग टीमें तैनात है. उम्मीद की जा रही है, इसी महीने मई में भक्तों की संख्या में और अधिक बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिसको देखते हुए शासन-प्रशासन ने अपनी कमर कस रखी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *