नई दिल्ली: तमिलनाडु में थलपति विजय की सरकार गठन को लेकर संशय उस वक्त समाप्त हो गया, जब तमिलगा वेत्री कझगम पार्टी के (TVK) प्रमुख ने चेन्नई में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विजय की शपथ ग्रहण के दौरान लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मंच पर मौजूदगी रही। मंच पर राहुल गांधी और विजय की तस्वीरों ने राज्य की राजनीति में नए गठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर बड़े राजनीतिक संकेतों की चर्चा तेज कर दी है।
थलपति विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, टीवीके अपने दम पर साधारण बहुमत हासिल करने से चूक गई थी, लेकिन चुनाव परिणाम के तुरंत बाद ही कांग्रेस ने विजय को अपना समर्थन दे दिया था। विदुथलाई चिरुथईगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने भी विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की। गठबंधन के सहयोगियों और समर्थक पार्टियों के समर्थन से टीवीके के नेतृत्व वाले गुट ने 120 विधायकों का समर्थन हासिल कर लिया।
वहीं शपथग्रहण के दौरान राहुल गांधी और थलपति विजय की एकसाथ तस्वीरें बहुत कुछ बयां कर रही हैं। दरअसल थलपति विजय राहुल गांधी को काफी मानते हैं, उन्होंने खुद लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को अपने शपथग्रहण में आने का न्योता दिया था। विजय से करीबी का कारण ही है कि कांग्रेस ने सबसे पहले टीवीके को समर्थन दिया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने खुद वाम दलों और अन्य पार्टियों को सपोर्ट के लिए मनाया था।तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस लंबे समय से डीएमके के साथ रही है, लेकिन विजय के मंच पर राहुल गांधी का पहुंचना यह संकेत देता है कि विपक्ष अब नए चेहरों और नई ताकतों के साथ अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहता है।
राजनीतिक जानकार इसे दक्षिण भारत में बीजेपी के खिलाफ व्यापक विपक्षी एकजुटता के संदेश के तौर पर देख रहे हैं।विजय की युवा लोकप्रियता और राहुल गांधी की राष्ट्रीय राजनीति दोनों का एक मंच पर आना 2029 की रणनीति की झलक भी माना जा रहा है।इसके साथ ही विजय ने राहुल गांधी संग मंच साझा करके केंद्र की राजनीति में भी मजबूत दावेदारी पेश कर दी हैतमिलनाडु जैसे बड़े राज्य में नई सरकार का गठन और कांग्रेस का रोल 2026-27 की राष्ट्रीय राजनीति के लिए संकेत माना जा रहा है।
बता दें रविवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख एवं पार्टी के विधायक दल के नेता सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां नेहरू स्टेडियम में आयोजित रंगारंग समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
टीवीके कार्यकर्ताओं की सीटियों की लगातार गूंजती आवाजों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी के बीच विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जबकि पूर्ववर्ती द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार में अधिकतर मंत्रियों ने ऐसा नहीं किया था। विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में टीवीके नेता आधव अर्जुन, एन आनंद और के ए सेंगोट्टैयन सहित अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

