देहरादून के बैरागीवाला में दो पक्षों में संघर्ष, एक की मौत, 3 गंभीर घायल

देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में दो पक्षों में आपसी कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. आपसी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए नजदीती अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंची और माहौल शांत करने में जुटी रही है. विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में ट्यूबवेल से खेत में पानी डालने को लेकर विवाद हुआ.जानकारी के अनुसार, विकासनगर के बैरागीवाला निवासी विशेष समुदाय परिवार की अन्य परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद है. शनिवार शाम को दोनों पक्षों के बीच कुलावे से पानी को लेकर कहासुनी हो गयी. आरोप है कि उसके बाद विशेष समुदाय के 10 लोग बेलचे व हथोड़ा लेकर व्यक्ति के घर में घुस आए और परिजनों के साथ मारपीट करने लगे.

इसी दौरान आरोपियों ने विनोद के सिर पर हथोड़े से कई वार कर गंभीर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले. चारों घायलों को तुरंत लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां पर विनोद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों अशोक, सुषमा व राजेश कुमार का इलाज चल रहा है.मृतक के पिता ने बताया कि घटना के समय वे वहां मौजूद थे. उस समय कोई लड़ाई नहीं हुई थी. पैसों को लेकर बातचीत एक दिन पहले हुई थी. उनके बेटे से एक दिन पहले सेटरिंग के 14 हजार रुपए मांगे थे, आज जब उसने पैसे दिए तो भीड़ जमा हो गई थी. जिसके बाद लोगों को भड़काया गया. उन्होंने आरोपियों के घर पर बुलडोजर एक्शन की मांग की और तब तक शव ना उठाने की बात कही. उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

वहीं, तनावपूर्ण माहौल के कारण एसपी देहात पंकज गैरोला समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर माहौल को शांत करने में जुटी रही. एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही आसपास के कोतवाली व थानों से भी पुलिस बल मंगाया है.दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची. घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू कर दी गई है.

ज्यादा जानकारी देते हुए एसपी क्राइम देहरादून जितेंद्र चौधरी ने बताया कि बैरागीवाला गांव सहसपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. खेतों में पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पीड़ित परिवार वालों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है, और आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

उधर, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और पुलिस-प्रशासन को आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. उसके बाद मुन्ना सिंह चौहान ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हाल जाना. घटना की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन बैरागीवाला पहुंचे.विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि यहां पर कुछ लोग चोरी और नशे का करोबार करते हैं. यह घटना बेहद दर्दनाक है. आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ पहले भी शिकायत आती रही है, एसएसपी से बात हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *