कैंची धाम मेले में उमड़ा आस्था जनसैलाब

हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ सुबह की आरती के साथ शुरू हो चुका है. नीब करौरी बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है. दर्शन के लिए लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. मेले को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. भारी पुलिस बल की तैनाती, शटल सेवा, पार्किंग व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराने की तैयारी की गई है.

प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ 15 जून की सुबह मंदिर के कपाट खुलने के साथ दर्शन शुरू हो गए हैे. मेले की पूर्व संध्या से ही देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे और मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. मेले में इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस की है.

जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की भी बड़ी तैनाती की गई है, जिसमें तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारी शामिल हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब पंद्रह सौ से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगातार ड्यूटी पर मौजूद हैं. मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है.

कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं. निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा. इसके अलावा कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि यातायात संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा सके.सएसपी नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि बाबा के दर्शन की यात्रा सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और सफल बन सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *