हरिद्वार: माघ पूर्णिमा आज रविवार को है। इस अवसर पर उत्तराखंड के सभी गंगा घाटों पर स्नान जारी है। हरिद्वार में भी रविवार भोर से ही श्रद्धालु हरकी पैड़ी, ब्रह्मकुंड समेत आसपास गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
गंगा स्नान, दीपदान के बाद श्रद्धालु दान पुण्य के भागी भी बन रहे हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी श्रद्धालु स्नान को पहुंचे हैं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं।
सनातन धर्म में पूर्णिमा का अलग महत्व है। इस दिन चांद अपनी पूर्ण अवस्था में होता है। मान्यता है कि लोगों की हर कामनाएं पूर्ण होती है। धार्मिक मान्यता है कि पूर्णिमा के दिन देवी देवता धरती पर आते हैं। ऐसे में इस दिन पूजा पाठ करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।
हर माह की पूर्णिमा का अपना अलग महत्व होता है। ऐसे में इस माघ माह में पड़ने वाली पूर्णिमा को माघी पूर्णिमा या माघ पूर्णिमा कहा जाता है।