नई दिल्ली: समंदर में तेल की सुनामी उठती दिख रही है। लगभग 8 करोड़ बैरल तेल से लदे सुपरटैंकर फारस की खाड़ी में खड़े हैं। अगर ट्रेडर और जहाज के मालिक हरी झंडी दें तो वे तुरंत होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने के लिए तैयार हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।ब्लूमबर्ग की ओर से जुटाए गए Vortexa के डेटा से पता चलता है कि ईरान को छोड़कर फारस की खाड़ी के उत्पादकों का यह बिना प्रतिबंध वाला कच्चा तेल खाड़ी में 40 बहुत बड़े क्रूड कैरियर (VLCC) जहाजों पर लदा है।
अगर गिनती में छोटे टैंकरों को भी शामिल किया जाए तो खाड़ी में कच्चे तेल (क्रूड) की मात्रा और अधिक हो सकती है। पिछले साल इस क्षेत्र से एशिया को हर दिन लगभग 1.5 करोड़ बैरल तेल भेजा गया था।अमेरिका और ईरान के बीच इस रास्ते पर आवाजाही बहाल करने के लिए हुए अंतरिम समझौते के बाद तेल और शिपिंग बाजार स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही में किसी भी बढ़ोतरी पर नजर रखे हुए हैं। कच्चे तेल से लदे तेल टैंकरों के अपने कार्गो की अधिक कीमत के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले शुरुआती जहाजों में से एक होने की उम्मीद है।
Iरिपोर्ट में कहा गया, ‘फिलहाल लगभग 21 बहुत बड़े क्रूड कैरियर एशिया की ओर जाते हुए दिख रहे हैं। इनमें से पांच चीन की ओर जा रहे हैं। अन्य पांच मलेशिया और सिंगापुर के पास शिप-टू-शिप ट्रांसफर हब की ओर जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह कम से कम तीन जहाजों को सामान्य रफ्तार से स्ट्रेट की ओर पूर्व दिशा में बढ़ते देखा गया।’स्ट्रेट की सटीक स्थिति को लेकर अभी भी उलझन बनी हुई है। गुरुवार को ओमान की खाड़ी में सऊदी अरब के तीन सुपरटैंकर फिर से दिखाई दिए। यह इस बात का संकेत था कि जहाज चलने लगे हैं। लेकिन, समुद्री व्यापार समूह BIMCO ने चेतावनी दी कि अमेरिका-ईरान समझौते के बावजूद शिपिंग के लिए सुरक्षा संबंधी बड़े जोखिम बने हुए हैं।
ब्लूमबर्ग की एक और रिपोर्ट के अनुसार, अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने अपने ग्राहकों से फारस की खाड़ी के बंदरगाहों से अपना कच्चा तेल लोड करना फिर से शुरू करने को कहा है।संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सरकारी उत्पादक कंपनी ने कहा कि फारस की खाड़ी के अंदर स्थित दास और जिरकू द्वीपों पर मौजूद उसके बंदरगाहों से तेल 27 अप्रैल से ही लोड करने के लिए उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि कच्चा तेल न उठाना खरीदारों की ओर से तेल उठाने की अपनी बाध्यताओं का उल्लंघन माना जाएगा।
कंपनी ने अपने लंबे समय के खरीदारों को भेजे नोटिस में कहा है कि हाल ही में हुए अमेरिका-ईरान समझौते और होर्मुज स्ट्रेट से बिना रुकावट आवाजाही जारी रहने की उम्मीद को देखते हुए हमें उम्मीद है कि सभी कार्गो पब्लिश किए गए लोडिंग प्रोग्राम के अनुसार उठाए जाएंगे।अगर खरीदार अपने टैंकर का इंतजाम नहीं कर पाते हैं तो Adnoc अपने या अपनी सहयोगी कंपनियों के जहाजों से मदद कर सकती है। कंपनी ने कच्चे तेल की बिक्री के लिए अपनी सामान्य शर्तों का भी जिक्र किया है। इनके अनुसार डिलीवरी न लेने की स्थिति में खरीदार को विक्रेता को मुआवजा देना होगा।
