ऋषिकेश में आम आदमी पार्टी ने मनाया काला दिवस

ऋषिकेश। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आम आदमी पार्टी ने काला दिवस मनाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर चार वर्षों में विकास अवरुद्ध कर दो मुख्यमंत्री थोपने का आरोप लगाया। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के विधानसभा ऋषिकेश के संगठन मंत्री दिनेश असवाल के नेतृत्व में कार्यकर्त्‍ताओं ने स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक पर प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर प्रदेश का विकास अवरुद्ध करने का आरोप लगाया।

आप नेता डॉ. राजे नेगी ने कहा कि इन चार वर्षों में प्रदेश की जनता बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त रही है। उन्होंने कहा कि विकास के काम पूरी तरह बाधित है। प्रदेश का युवा पढ़ लिखकर बेरोजगार बैठा है। मगर सरकार नौकरी के नाम पर युवाओं के साथ छलावा कर रही है। पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के हाल बुरे हैं। इन तमाम चीजों में सुधार के बजाय भाजपा ने इन चार सालों में सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर चार साल की नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश भाजपा द्वारा की जा रही है। इसे जनता भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले चार साल का हिसाब व जवाब देकर फिर जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीते चार सालों में राज्य सरकार ने अराजकता, निरंकुशता, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर नियंत्रण करने के बजाय उन्हें बढ़ाने का काम किया।

प्रदर्शन करने वालो में दिनेश कुलियाल, विजय पंवार, प्रवीन असवाल, अमन नोटियाल, जय प्रकाश भट्ट, मनोज कोटियाल, ज्ञान रावत, रजत कालरा, जगदीप शर्मा, पंकज गुसाईं, राजेंद्र जुगरान, प्रवीन जोशी, महावीर अमोला, अशोक मिश्रा, पंकज वर्मा, महेश नोटियाल, मनोज शर्मा डिंपल, धनपाल रावत, गगन मलिक, भगत बहादुर, जयेंद्र तड़ियाल, देवराज नेगी संजय सिलस्वाल, सुनील सेमवाल, सुनील कुमार, प्रेम कुमार, अमन नोटियाल, रजनी कश्यप, मनोज कश्यप आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *