बिगड़ा मौसम:ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठंड, पहाड़ों में बर्फबारी

देहरादून: उत्तराखंड में दोपहर बाद पहाड़ से मैदान तक मौसम ने करवट बदली। शाम को राजधानी देहरादून समेत अन्य मैदानी जिलों में भी बारिश हुई। उधर, बदरीनाथ, केदारनाथ व यमुना घाटी में बर्फबारी हुई। वहीं, बड़कोट तहसील क्षेत्र में आंधी तूफान के साथ बारिश हुई।

केदारनाथ में मौसम पहेली बना हुआ है। यहां रोजाना सुबह धूप खिल रही है। लेकिन दोपहर बाद घने बाद छाने के साथ ही बर्फबारी हो रही है। कपाट खुलने के बाद बीते 25 अप्रैल से मौसम का मिजाज ऐसा ही बना है, जिससे यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं।

बर्फबारी के कारण पैदल मार्ग पर लिनचोली से केदारनाथ व केदारपुरी में आवाजाही से कीचड़ हो रहा है, जिससे यात्रियों के रपटने का खतरा भी बना है।बता दें कि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम फिर बदल गया है। कुछ दिन गर्मी पड़ने के बाद रविवार को हुई बारिश से ठंड लौट आई। नैनीताल में रविवार को झमाझम बारिश हुई। ओले भी गिरे। देर शाम तक नगर में बूंदाबांदी होती रही। इस दौरान ठंड से बचने के लिए लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए। नगर में कई स्थानों पर लोग आग सेंकते नजर आए। लोगों ने कमरों में ब्लोअर और हीटर भी जलाए।

धारी ब्लॉक (नैनीताल) के जलना, नीलपहाड़ी, पहाड़पानी, महतोलियागांव, दीनी तल्ली, दीनी मल्ली समेत कई गांवों में शनिवार और रविवार को हुई ओलावृष्टि से फल और सब्जियों को नुकसान हुआ है। पिथौरागढ़ जिले में भी झमाझम बारिश के बाद लोगों ने फिर गर्म कपड़े निकाल लिए। बारिश से सीमांत के जंगलों की आग भी बुझ गई है।

अल्मोड़ा जिले में रविवार को बारिश हुई। गरुड़ (बागेश्वर) क्षेत्र के भगरतोला, देवनाई, कोलतुलारी, पुरुड़ा, गढ़सेर, तैलीहाट, बैजनाथ, नौघर, पिंगलों और लाहुरघाटी में बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बिछ गई है और खेतों में पानी भर गया है।

इधर, हल्द्वानी में रविवार शाम को मौसम पूरी तरह बदल गया। दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम को बारिश ने तापमान गिरा दिया। अप्रैल में नैनीताल जिले में सामान्य तौर पर 34.8 मिलीमीटर औसतन बारिश होती है लेकिन इस बार 65.6 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य से 89 प्रतिशत ज्यादा है। इस वजह से अप्रैल में अपेक्षाकृत कम गर्मी पड़ी है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक एक मई तक राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट है। इसके बाद दो और तीन मई को बारिश को लेकर ओरेंज अलर्ट है। चार मई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में आगामी चार दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *