39 यात्रियों से भरी बस का ब्रेक फेल, सड़क पर पलटी गाड़ी

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में ऋषिकेश-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह चारधाम यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई. हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया गया है. बस में 39 चारधाम यात्री सवार थे. हादसे में कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है.

जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 तोताघाटी के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए. ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर ही पलट गई. गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया. घटना होते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया गया.

एसडीआरएफ के मुताबिक, रविवार 7 जून सुबह लगभग 8:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई है. सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.

SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर ने बताया कि बस में कुल 39 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं. घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देते हुए 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से तुरंत ऋषिकेश अस्पताल भिजवाया गया है. शेष सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *