अल्मोड़ा: जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में आज गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर हुआ. यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई. बताया जा रहा है कि वाहन में तीन लोग सवार थे, जो नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र से जागर कार्यक्रम में शामिल होकर वापस चमड़खान (तहसील रानीखेत) लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे जा गिरी.दुर्घटना की सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय भिकियासैंण से तहसीलदार बर्खा जलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम तथा SDRF की टीम मौके पर पहुंची. SDRF टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
SDRF टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. रेस्क्यू अभियान में SDRF प्रभारी महिपाल सिंह, कांस्टेबल हरीश पांडेय, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद तथा होमगार्ड रोहित शामिल रहे.मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है. तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे, जो रात्रि में ग्राम चमोली पुसैला में जागर लगाकर वापस अपने घर जा रहे थे.
उत्तराखंड में जगरी बहुत सम्मानित लोग होते हैं. जगरी यहां के पारंपरिक लोक गायक होते हैं. ये विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराते हैं. स्थानीय देवी-देवताओं की जागर जगरिए ही संपन्न करवाते हैं. जागर उत्तराखंड में धार्मिक अनुष्ठान होते हैं. जगरी हुड़के की थाप पर देवी-देवताओं की स्तुति करके उन्हें जागृत करते हैं. अक्सर लोग गर्मी की छुट्टियों में मैदानी इलाकों से घर लौटते हैं और जागर लगाते हैं. तब जगरियों को जागर लगाने के लिए आमंत्रित किया जाता है.मसूरी में बुधवार देर रात बड़ा हादसा टल गया, जब धनौल्टी रोड पर एक युवक अचानक करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति ने मसूरी पुलिस को सूचना दी कि वुड स्टॉक स्कूल से आगे धनौल्टी रोड पर एक व्यक्ति सड़क से नीचे खाई में गिर गया है. सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. वहीं फायर सर्विस मसूरी और 108 एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई.अंधेरी रात और दुर्गम खाई के बावजूद पुलिस और फायर कर्मियों ने रस्सियों व अन्य आपदा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और करीब 100 मीटर नीचे गिरे युवक को बाहर निकाला. घायल युवक की पहचान नरेश पुत्र हुकम सिंह निवासी सिविल रोड, रावत मेडिकल स्टोर मसूरी, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई.

