कोरोना : एक महीने में 70% मरीज बढ़े

नई दिल्ली : देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में एक बार फिर तेजी आई है। पिछले एक महीने के अंदर इसमें 69.549% का इजाफा दर्ज हुआ है। आंकड़ों पर नजर डालें तो दो अप्रैल को देश में 11 हजार 287 एक्टिव केस थे। अब दो मई यानी कल तक 19 हजार 137 हो गया है।

पिछले एक हफ्ते यानी 26 अप्रैल से लेकर दो मई तक देश में 2520 एक्टिव केस बढ़े हैं। इसके पहले 19 से 25 अप्रैल के बीच 2667 एक्टव मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया। 12 अप्रैल से 18 अप्रैल के बीच 1172 लोग संक्रमित पाए गए थे।

अभी हर रोज करीब 200 से 600 एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। बीच में एक-दो दिन एक्टिव केस की संख्या माइनस में भी हो रही है। इन सभी को जोड़कर अगर देखा जाए तो हर हफ्ते औसतन 2119 एक्टिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।

अगर संक्रमण की रफ्तार में कमी नहीं आई और इसी हिसाब से एक्टिव केस बढ़ते रहे तो जून के आखिरी हफ्ते तक कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 36 हजार के पार हो सकती है।

हर हफ्ते ऐसे बढ़ सकते हैं मरीज
तारीख कुल एक्टिव केस (संभावित)
26 अप्रैल से 02 मई 19 हजार 137
04 मई से 10 मई 21 हजार 256
11 से 17 मई 23 हजार 375
18 से 24 मई 25 हजार 494
25 से 31 मई 27 हजार 613
एक से सात जून 29 हजार 732
आठ से 14 जून 31 हजार 851
15 से 21 जून 33 हजार 970
22 से 28 जून 36 हजार 89
नोट : ये आंकड़े हर हफ्ते मिलने वाले औसतन एक्टिव केस के अनुसार हैं।

हर रोज बढ़ते केस और मौत के मामले में भारत अभी 17वें नंबर पर है। अभी सबसे ज्यादा अमेरिका में लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। यहां हर रोज 40 से 50 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, मौत के मामले में जर्मनी और फ्रांस आगे हैं। यहां हर दिन 150 से 200 लोगों की मौत हो रही है।

भारत में अभी कुल 4 करोड़ 30 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। अच्छी बात ये है कि इनमें 4 करोड़ 25 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि, 5 लाख 23 हजार 889 लोग ऐसे भी रहे, जिनकी जान चली गई।

देश के 25 जिलों में कोरोना बेकाबू हो गया है। यहां पॉजिटिविटी रेट पांच प्रतिशत से 42 प्रतिशत तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा मिजोरम के सेरचिप में 42.32% पॉजिटिविटी रेट है। मतलब यहां कोरोना की जांच कराने वाले हर 100 लोगों में 42 संक्रमित पाए जा रहे हैं। दूसरे नंबर पर भी मिजोरम का ही जिला सितौल है। यहां 38.61% पॉजिटिविटी रेट है।

असम के लखीमपुर में 20% पॉजिटिविटी रेट है। इसी तरह हरियाणा के गुरुग्राम में 14.93% और फरीदाबाद में 11.38% पॉजिटिविटी रेट है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पिति में पॉजिटिविटी रेट 25 हो गया है। दिल्ली में भी पॉजिटिविटी रेट पांच प्रतिशत से ज्यादा है।

दिल्ली से सटे नोएडा में भी हालात खराब होते जा रहे हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 10.86% हो गया है। राजस्थान का धौलपुर भी रेड अलर्ट जोन में है। यहां 11.97% पॉजिटिविटी रेट है। मध्य प्रदेश के देवास में 7.51% की रफ्तार से मरीज मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *