30 मई तक राशन कार्ड की ई-केवाईसी अनिवार्य

देहरादून। राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अब अनिवार्य कर दी गई है। राज्य सरकार ने सभी यूनिट धारकों को 30 मई तक हर हाल में अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। तय समयसीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर लाभार्थियों को राशन मिलने में दिक्कत आ सकती है।

ई-केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एनआईसी की ओर से ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल ऐप तैयार किया गया है। इस ऐप के जरिए लाभार्थी घर बैठे ही आधार नंबर, ओटीपी और फेस रिकॉग्निशन के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय लोगों के लिए यह सुविधा राहतभरी साबित हो रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, सफेद राशन कार्ड धारकों में 72 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। कुल 9,58,624 में से 6,91,086 लाभार्थियों ने प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।वहीं पीले राशन कार्ड धारकों में अब तक केवल 40 प्रतिशत ही ई-केवाईसी हो सकी है। कुल 5,03,316 में से 1,98,241 धारकों ने ही सत्यापन कराया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप छूटे हुए लाभार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने अपील की कि सभी राशन कार्ड धारक निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें सरकारी खाद्यान्न का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *