गंगा दशहरा : घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

ऋषिकेश: गंगा दशहरा पर ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर दान पुण्य किया। ऋषिकेश के प्रमुख त्रिवेणी घाट में गुरुवार की अलसुबह से ही स्थानीय श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे। वर्तमान में चार धाम यात्रा को लेकर अन्य प्रांत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आए हुए हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात गंगा में डुबकी लगाई।

नजदीकी क्षेत्र मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थाटन के लिए पहुंचे हैं। सभी क्षेत्रों में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। त्रिवेणी घाट पार्किंग को चार पहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है।

पार्किंग में बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन जब ज्यादा हो गए तो घाट रोड पर इन वाहनों को खड़ा करना पड़ा। तिपहिया के लिए हरिद्वार मार्ग जयराम आश्रम तिराहा से लेकर चंद्रभागा पुल तक पुलिस की ओर से जीरो जोन घोषित किया गया है। इसके पालन के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात किए गए।

हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में ऋषिकेश भी घूमने आ रहे हैं। जिस कारण यहां गुरुवार को ज्यादा भीड़ देखी गई। गंगा दशहरा के अवसर पर दान पुण्य का भी काफी महत्व माना गया है। घाटों पर तीर्थ पुरोहित श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करा रहे हैं। यहां गरीबों को विभिन्न संस्थाओं की ओर से भोजन प्रसाद वितरित किया जा रहा है।

यातायात पुलिस की ओर से भारी मालवाहक वाहनों को सुबह पांच बजे से रात्रि दस बजे तक नगर में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। सिर्फ यात्रा वाहनों को ही मुख्य मार्ग से यात्रा मार्ग पर जाने की अनुमति है। ऋषिकेश आने वाले हरिद्वार बायपास मार्ग, नीलकंठ बायपास मार्ग, नटराज चौक, तपोवन, भद्रकाली मार्ग सभी में यातायात धीमी गति से संचालित हो रहा है।

केंद्रीय जलशक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने परमार्थ घाट में गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा में डुबकी लगाई। ऋषिकेश परमार्थ निकेतन आश्रम में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर स्वामी चिदानंद मुनि महाराज, साध्वी भगवती और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री भारत सरकार प्रहलाद सिंह पटेल ने ऋषि कुमारों के साथ मिलकर मां गंगा में स्नान कर गंगा जी का शास्त्रोक्त पूजन किया।

केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल अपने पूरे परिवार के साथ अपनी दो दिवसीय परमार्थ निकेतन यात्रा पर हैं। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज के जन्म दिवस सेवा सप्ताह के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री शामिल होने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *