हरिद्वार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 5000 किलो पॉलिथीन जब्त, 1 लाख का चालान

हरिद्वार: कांवड़ मेले से पहले नगर निगम हरिद्वार ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. जिसके तहत करीब 5 हजार किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की है. निगम प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद होने पर संबंधित गोदाम संचालक पर एक लाख रुपए का चालान भी किया गया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह प्रतिबंधित प्लास्टिक कांवड़ मेले के दौरान बड़े पैमाने पर बाजार में उतारने की तैयारी थी. मंगलवार को निगम प्रशासन की टीम को सूचना मिली कि एक गोदाम में बड़े पैमाने पर प्लास्टिक, पॉलीथिन स्टोर की गई है. सूचना मिलने पर मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार के साथ ही तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने नानक चंद के आवास पर बने गोदाम में छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया. नगर निगम की ओर से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एक लाख रुपए की जुर्माने की कार्रवाई भी की गई. नगर निगम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गंगा घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथिन बेचने वाले छोटे व्यापारियों को इसी गोदाम से प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही है.

यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान गंगा घाटों व शहर में फैलने वाले कचरे और पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख कारण बनती थी. कांवड़ मेले को देखते हुए नगर निगम ने इस नेटवर्क पर निगरानी बढ़ा रखी थी. पुख्ता सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद कर ली. नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *