उत्तर भारत में तपिश जारी

नई दिल्ली :देश में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां पूरे उत्तर पश्चिम भारत में आसमान से बरसती आग झुलसा रही है, वहीं दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश लोगों के लिए आफत बनी है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत में अगले पांच दिन तक भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। सुदूर दक्षिणी राज्य केरल में मूसलाधार बारिश को लेकर दो जिलों में रेड और नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। केरल के रेड अलर्ट वाले जिलों में 20 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई है।

तमिलनाडु के कोयंबटूर के अलावा, कन्याकुमारी और शिवगंगा जिले में भी 12 से 14 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में दिन के समय अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या ऊपर रहने का अनुमान जताया है। वहीं जम्मू संभाग में सातवें दिन पारा 40.0 डिग्री रहा।

पहाड़ी राज्यों के मैदानी इलाके भी तप रहे हैं। जम्मू संभाग में बुधवार को सातवें दिन भी पारा 40 डिग्री के पार रहा। एक हफ्ते से लगातार भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। हिमाचल में बारिश और बर्फबारी कम होने और बढ़ते तापमान के चलते ज्यादातर जल स्रोत सूख रहे हैं और 478 पेयजल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

जल संसाधनों में 75 फीसदी तक पानी की कमी हो गई और कोई दूसरा वैकल्पिक स्रोत भी नहीं है। सोलन समेत कई जिलों में तीन से चार दिन में पानी की आपूर्ति की जा रही है।

राजस्थान के बाड़मेर में बुधवार को पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो देश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान था। इसके अलावा, प्रदेश के तीन और शहरों फलोदी में 47.8, चुरु में 47.4 और जैसलमेर में 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *