पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में बारिश

नई दिल्ली। हिमालयी क्षेत्रों में जोरदार बर्फबारी और मैदानों में बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। पश्चिमी विक्षोभ ने मार्च में ही अचानक बढ़ रही गर्मी पर अंकुश लगा दिया। उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ व हेमकु्ंड साहिब में बर्फ की चादर बिछ गई है तो हिमाचल के मनाली, केलंग और लाहुल-स्पीति के ऊंचे क्षेत्रों में निरंतर हिमपात हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह और राजौरी व पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद की गई है।यूपी, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर भारत में कई जगह झोंकेदार हवा व गरज-चमक के साथ बारिश हुई। तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर-पूर्व भारत में अगले 24 घंटों तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर 20 मार्च तक जारी रह सकता है। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ में पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी और ओम पर्वत पर बर्फबारी हुई, जिससे ये पर्वत श्रृंखलाएं चांदी की तरह चमकने लगी हैं।चमोली के पर्यटन स्थल औली में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। शिमला, मनाली सहित कई क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ वर्षा का क्रम जारी है।

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को भूस्खलन के कारण रियासी के माहौर और चसाना मार्ग बंद हो गया है। मौसम में बदलाव से जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से छह से 10 डिग्री नीचे चल रहा है।प्रदेश में शुक्रवार को भी कई हिस्सों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। बारामुला जिले में स्थित विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में 23 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। यहां कुछ इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में मौसम में बुधवार देर शाम अचानक बदलाव दिखा, जिससे दिल्ली से सटे जिलों नोएडा, गाजियाबाद और आसपास तेज हवा के साथ बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का यह बदलाव 22 मार्च सुबह तक जारी रह सकता है। दिल्ली में गर्मियों के इस सीजन में गुरुवार सबसे ठंडा दिन रहा। 19 मार्च को तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम यानी 26.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मध्य प्रदेश कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के साथ ओले भी गिरे हैं। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन सीकर, जैसलमेर सहित कई जिलों में बारिश हुई है। अलवर व कोटपुतली जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।पंजाब में ने शुक्रवार और शनिवार को भी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वर्षा गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है।यदि खेतों में जलभराव होता है तो फसलों को नुकसान हो सकता है। साथ ही तेज हवाओं से खड़ी फसलों और लहसुन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। जैसलमेर में बारिश के कारण ईसबगोल एवं जीरे की फसल को नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *