देहरादून: जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बुधवार को राजीव नगर क्षेत्र से रिस्पना नदी में चल रहे सफाई और पुनरुद्धार कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान मेयर और नगर आयुक्त भी मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सफाई अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता और गति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि, मॉनसून से पहले रिस्पना नदी की सफाई सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके.
नगर निगम देहरादून द्वारा मार्च माह से नगर निगम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान के तहत अब तक लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का उठान किया जा चुका है. नगर निगम द्वारा बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य किया जा रहा है. शहर के अलग-अलग नदी-नालों और जलधाराओं में भी अभियान के रूप में नियमित सफाई कार्य जारी है. जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा रिस्पना नदी की सफाई और पुनरुद्धार का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है.
डीएम आशीष चौहान ने रिस्पना नदी की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. (VIDEO-ETV Bharat)
इस अभियान में नगर निगम द्वारा 12 जेसीबी मशीनें और 15 डंपर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा और अवरोधों को हटाया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि,नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण और स्वच्छता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है. इसके अंतर्गत ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण किया जा रहा है, जहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा. साथ ही, नदी में गिरने वाले बिना उपचारित (अनट्रीटेड) नालों के जल के उपचार की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी.
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि, रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक और व्यवहारिक कार्य योजना तैयार कर चरणबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा. जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों और दृढ़ इच्छाशक्ति से नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा. इस अभियान में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों एवं सहयोग के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए.
