तेहरान: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ और मजबूत करने का संकेत है। ईरानी सेना ने अपने एक नए बयान में कहा है कि वह अमेरिकी हथियारों को इस समुद्री रूट से नहीं गुजरने देगा। ईरान ने कहा है कि अमेरिका हथियारों को होर्मुज के रास्ते खाड़ी देशों में अपने ठिकानों पर भेजता है, जिनका इस्तेमाल उसकी जमीन पर हमलों के लिए किया जाता है। ऐसे में हथियारों की आवाजाही की कड़ी निगरानी की जाएगी। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि जो जहाज उनके देश की नेवी से समन्व्य करेगा, उसे होर्मुज से गुजरने की इजाजत दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कुवैत में पकड़े गए ईरानियों को छोड़ने की मांग की है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने कहा कि अब से हम अमेरिकी हथियारों को होर्मुज से गुजरकर क्षेत्रीय ठिकानों में प्रवेश की इजाजत नहीं देंगे। जो भी देश इस जलमार्ग से गुजरना चाहता है, उसे ईरानी सशस्त्र बलों की निगरानी में ही ऐसा करना होगा। उन्होंने कहा है कि होर्मुज का रणनीतिक जलमार्ग ईरानी सशस्त्र बलों के समन्वित रणनीतिक नियंत्रण में है। यह क्षेत्र 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका-इजरायल गठबंधन में लड़ाई शुरू होने के बाद से संघर्ष के केंद्र में है।
अकरमिनिया के अनुसार, जलडमरूमध्य का पश्चिमी हिस्सा ‘इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स’ (IRGC) की नौसेना के अधीन है। वहीं इसका पूर्वी हिस्सा ईरानी नौसेना के नियंत्रण में है। आईआरजीसी और सेना इस पर कंट्रोल के लिए पूरी तरह तालमेल बैठाए हुए हैं ताकि इस पूरे समुद्री मार्ग की अच्छी तरह से निगरानी रखी जा सके।
ईरानी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि वे इस नियंत्रण को एक लंबे समय का रणनीतिक लक्ष्य मानते हैं। एक सैन्य अफसर के हवाले से ISNA न्यूज एजेंसी ने कहा कि इस जलमार्ग की निगरानी से ईरान की तेल से कमाई दोगुनी हो सकती है और विदेश नीति में भी उसका दबदबा बढ़ेगा। ऐसे में इस जलमार्ग पर दबदबा कायम रखा जाएगा।
ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर देश का अधिकार पूरी तरह से स्थापित है। इस मुद्दे पर अब अमेरिका से हमारी कोई चर्चा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ईरान ने पहले अमेरिकी प्रतिबंधों के हिसाब से योजना बनाई थी लेकिन अब हमें अपने देश और क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से प्लान तैयार करना होगा।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने एक बयान में कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है। उन्हें सिर्फ हमारी नौसेना के साथ सहयोग करना होगा। होर्मुज की नाकेबंदी ईरान नहीं अमेरिकी नेवी ने की है। उम्मीद है कि अमेरिका की नाकाबंदी के हटने के साथ ही यह स्थिति समाप्त हो जाएगी।
अराघची ने कुवैत में हिरासत में लिए गए चार ईरानी नागरिकों की रिहाई की मांग की है। कुवैत ने फारस की खाड़ी से घुसपैठ करने के शक में इनको पकड़ा है। अराघची ने कहा कि कुवैत ने गैर-कानूनी तरीके से ईरानी नाव पर हमला किया और हमारे चार लोगों को हिरासत में ले लिया। हम अपने नागरिकों की रिहाई की मांग करते हैं और जवाब देने का अधिकार अपने पास रखते हैं।
इस बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत बंद नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन इस बात पर पूरी तरह से केंद्रित है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल ना कर पाए। हमारे लिए यह किसी भी समझौते के लिए मुख्य मापदंड है। इसी को आधार बनाकर हम अपना पक्ष रख रहे हैं।

