देहरादून। मौसम विभाग के अनुसार आज पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, मसूरी, कोटद्वार, चमोली में आज सुबह मौसम साफ है और आसमान में धूप खिली हुई है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था। चटख धूप के बीच पारा भी उछाल मार रहा था। हालांकि, गुरुवार देर रात पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो गया, जिसके चलते प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हैं। शुक्रवार सुबह से बादलों का डेरा रहा। दून समेत आसपास के इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। लेकिन प्रदेश में कहीं भी झमाझम बारिश या ओलावृष्टि की कोई सूचना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में अगले कुछ दिन आंशिक से मुख्य रूप से बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, अन्य जिलों में हल्के बादलों से लेकर आसमान साफ रहने की संभावना है।