आखिरी गांव में लहराया 100 फुट ऊंचा तिरंगा

पिथौरागढ़ :चीन सीमा पर स्थित आखिरी गांव गुंजी में रविवार को 100 फुट ऊंचा तिरंगा लहराया। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत केंद्र सरकार सीमांत गांवों को विकसित कर रही है। इसी सूची में यह गांव भी शामिल है।

गुंजी गांव में 100 फुट ऊंचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण करते हुए सांसद अजय टम्टा ने कहा, यह सीमा पर स्थित अंतिम गांव नहीं, प्रथम गांव है। सीमा पर स्थित गांवों को केंद्र सरकार वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत विकसित कर रही है।

सांसद टम्टा रविवार को 14,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित ओम पर्वत के दर्शन करने के बाद काली नदी के उद्गम स्थल कालापानी मंदिर के दर्शन को पहुंचे। इसके बाद गुंजी गांव में व्यास घाटी के सात गांवों की महिलाओं और लोगों ने उनका स्वागत किया।

पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने शिव वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सांसद टम्टा ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने काफी संघर्ष किया है। टनकपुर से लिपुलेख तक सड़क निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया है। 56 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से सीमांत के गांवों को विकसित किया जाएगा।

गुंजी में इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा और ट्रेकिंग रूटों का निर्माण किया जाएगा। यहां पर कैलाश म्यूजियम भी बनाया जाएगा, जिसमें सीमांत की संस्कृति, वेषभूषा को संरक्षित किया जाएगा। डीएम रीना जोशी ने कहा, गुंजी गांव में मोबाइल टावर लगाने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। जल्द मोबाइल टावर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डीएम रीना जोशी ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज योजना में कुटी, नाभी, नपलच्यू गांव को भी शामिल कर दिया गया है। सीमांत में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए इन गांवों को विकसित किया जा रहा है। गांवों के विकसित होने के बाद पलायन पर रोक लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *