देहरादून। राजधानी देहरादून में इस बार सितंबर माह में बारिश ने नया कीर्तिमान बना दिया है। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक हुई भारी वर्षा के चलते करीब 200 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह आंकड़ा न केवल बीते कई दशकों के सारे रिकार्ड ध्वस्त करता है, बल्कि 1924 में बने ऐतिहासिक रिकार्ड के बेहद करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही इस माह दून में अब तक सामान्य से 112 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक देहरादून में सितंबर महीने में 24 घंटे में सर्वाधिक 212.6 मिमी वर्षा तीन सितंबर 1924 को दर्ज की गई थी। हाल के वर्षों में यह रिकार्ड 2017 में बने 150.4 मिमी (एक सितंबर) से ज्यादा नहीं हो पाया था।
मगर इस बार दर्ज हुई 200 मिमी बारिश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। सितंबर माह में देहरादून में अब तक 285 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 112 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूरे उत्तराखंड में इस माह औसतन 157 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 43 प्रतिशत ज्यादा है।
इस बार मानसून ने प्रदेश पर जमकर मेहरबानी की है, या यूं कहें कि कहीं-कहीं आसमान से आफत बरसती रही है। अब तक मानसून सीजन (जून से सितंबर) में उत्तराखंड में 1323 मिमी औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है, जो सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक है। जबकि, सामान्य वर्षा 1100 मिमी के करीब होती है। इसमें भी कुछ जिलों में वर्षा सामान्य से कई अधिक हुई है।