5 साल के कार्यकाल में प्रतिदिन मात्र ₹11 बैठती है 20 हजार की राशि, क्या इतने में चलेगा परिवार?
खैरात और चुनावी लॉलीपॉप की जगह हर परिवार के एक सदस्य को पक्का रोजगार दे सरकार
देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा आगामी चुनाव से ठीक पहले घोषित ‘बैणी-भुली योजना’ पर मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने इस योजना को जनकल्याण के बजाय सीधे तौर पर ‘चुनावी रिश्वत’ करार देते हुए सरकार की मंशा और योजना के गणित पर तीखा हमला बोला है।
मंगलवार को जारी एक बयान में मोहित डिमरी ने कहा कि सरकार प्रदेश की 5 लाख से अधिक महिलाओं को कुल 20,000 रुपये देने का ढोल पीट रही है, लेकिन इसके पीछे की शर्तें साफ तौर पर वोट खरीदने की रणनीति को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा, “योजना के तहत 10,000 रुपये चुनाव से पहले (दिसंबर में) और बाकी 10,000 रुपये चुनाव के बाद देने की बात कही गई है। आखिर यह दो किस्तों का खेल क्यों? सरकार की मंशा साफ है—पहले 10 हजार रुपये देकर महिलाओं का वोट ले लिया जाए, और फिर अगली किस्त का लालच दिखाकर यह दबाव बनाया जाए कि सत्ता में दोबारा लौटने पर ही बाकी पैसा मिलेगा। यह उत्तराखंड की स्वाभिमानी मातृशक्ति के वोट का सौदा करने की साजिश है।”
5 साल में मात्र ₹11 रोज़ का हिसाब
मोहित डिमरी ने योजना की राशि का तुलनात्मक गणित सामने रखते हुए सरकार से तीखा सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि एक सरकार का कार्यकाल 5 वर्ष का होता है, जिसमें 1,825 दिन (5 × 365) होते हैं। यदि कुल 20,000 रुपये की राशि को 1,825 दिनों से विभाजित किया जाए, तो प्रतिदिन के हिसाब से एक महिला के हिस्से में मात्र 10 रुपये 95 पैसे (लगभग ₹11 रोज़) आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आज की कमरतोड़ महंगाई में, जब एक कप चाय भी 15 रुपये की आती है और रसोई गैस से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक सब कुछ महंगा हो चुका है, तो क्या महज़ 11 रुपये प्रतिदिन की राशि से हमारी ‘बैणी-भुलियों’ के परिवार का गुज़ारा संभव है?
हर महीने 20 हजार या परिवार में एक पक्की नौकरी की मांग
संघर्ष समिति के संयोजक ने कहा कि देवभूमि की महिलाएं किसी की खैरात या भीख पर नहीं, बल्कि अपने स्वाभिमान और मेहनत पर जीती हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सच में मातृशक्ति का सम्मान करना चाहती थी, तो 5 साल में एक बार 20 हजार देने के बजाय हर महीने 20,000 रुपये की सम्मान राशि दी जानी चाहिए थी।
उन्होंने मांग की कि इस तरह के चुनावी लॉलीपॉप बांटने के बजाय सरकार हर बैणी-भुली के परिवार में कम से कम एक व्यक्ति को पक्का रोजगार या स्थायी नौकरी सुनिश्चित करे, ताकि हर महीने सम्मानजनक कमाई से परिवार का भरण-पोषण हो सके और पहाड़ से हो रहे पलायन पर रोक लग सके। उन्होंने प्रदेश की माताओं और बहनों से अपील की कि यह पैसा किसी नेता की जेब से नहीं, बल्कि जनता के टैक्स से आ रहा है, इसलिए वे किसी चुनावी झांसे में न आएं और अपने बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य व स्थायी रोजगार के मुद्दे पर ही मतदान करें।
