नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत में ठंड तेज होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाएं कई राज्यों में रात के तापमान को तेजी से गिरा देंगी। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे रात का तापमान गिर रहा है।
IMD ने विशेष रूप से किसानों और सुबह यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंड का असर सबसे ज्यादा राजस्थान में दिख रहा है। 12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। सीकर में 7 डिग्री सेल्सियस, जो राज्य में सबसे कम रहा। अलवर, झुंझुनू, उदयपुर ने सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की।मध्य प्रदेश में भोपाल, राजगढ़, इंदौर और शाजापुर में तापमान तेजी से गिरा है। राजगढ़ में भी 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, और कई जिलों में सीवियर कोल्ड वेव की स्थिति है। बिहार, पंजाब और दक्षिण भारत भी ठंड की चपेट में
छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र में भी कोल्ड वेव अलर्ट है। पेन्ड्रा में तापमान 9 डिग्री तक पहुंच गया। पंजाब में तापमान लगभग 2 डिग्री तक गिरा है, जबकि बिहार में ठंडी पश्चिमी हवाओं ने पटना का तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस कर दिया।यहां तक कि दक्षिण भारत का मशहूर हिल स्टेशन ऊटी भी ठंड की गिरावट महसूस कर रहा है, जहां सुबह ओस की बूंदें जमने लगी हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्दी La Niña प्रभाव के कारण ज्यादा ठंडी हो सकती है।

