पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हमला

नई दिल्लीः भारत ने अफगानिस्तान की सीमा में पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि भारत रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगान इलाके पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिक मारे गए हैं।

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक के बारे में मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत, रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगान इलाके पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिक मारे गए हैं।

रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह पाकिस्तान की अपनी अंदरूनी नाकामियों को दूसरों पर डालने की एक और कोशिश है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन की बात को दोहराता है।

बता दें कि पाकिस्तान ने देश में हुए हालिया हमलों के जवाब में अफगानिस्तान में शनिवार रात कम से कम सात ‘‘आतंकवादी ठिकानों’’ को निशाना बनाकर सैन्य कार्रवाई की। खैबर-पख्तूनख्वा के बन्नू इलाके में शनिवार को एक आत्मघाती हमले में सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक सैनिक की मौत हो गई। वहीं काबुल ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन में रिहायशी जगहों पर हमला हुआ।

पाकिस्तान ने कहा कि हमले अफगानिस्तान के आतंकी समूहों पर किए गए थे, जिन्हें वह पाक के अंदर हाल ही में हुए कई सुसाइड हमलों के लिए जिम्मेदार मानता है। अफगान सरकार के मुताबिक, बमबारी में दर्जनों लोग मारे गए या घायल हुए।

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, “पिछली (शनिवार) रात, पाकिस्तान ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमारे आम लोगों पर बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए और घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *