कोडीन सिरप और मनप्रभावी दवाओं पर एफडीए का शिकंजा

देहरादून। कोडीन युक्त सिरप और मनप्रभावी दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और गैरकानूनी कारोबार को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने तीन जिलों में कार्रवाई की।देहरादून में दो दुकानों को सील, जबकि हरिद्वार में दवाओं का स्टाक सीज किया गया है। वहीं, ऊधमसिंहनगर में एक दुकान पर नोटिस चस्पा किया गया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य सचिव एवं एफडीए आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देश पर की गई।

सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोडीन युक्त सिरप और मनप्रभावी दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और गैरकानूनी कारोबार को रोकने के लिए नियमित कार्रवाई की जाए। जिस पर अपर आयुक्त ताजबर सिंह ने औषधि निरीक्षकों की तीन टीमें गठित की।जनपद देहरादून में तैनात औषधि निरीक्षकों को हरिद्वार, हरिद्वार के अधिकारियों को देहरादून व नैनीताल जनपद में तैनात औषधि निरीक्षकों को ऊधम सिंह नगर का जिम्मा सौंपा गया है।

उन्हें दुकानों का औचक निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को छापेमारी में देहरादून के हर्बटपुर क्षेत्र की मिस्टिक फार्मा हेल्थकेयर और ट्रस्ट वे फार्मास्यूटिकल में नियमों का उल्लंघन पाया गया।दोनों दुकानों को सील कर संबंधित थाने को चाबी सौंप दी गई। हरिद्वार के एनिमेंटिस लाइफ साइंसेज सालमपुर, बहादराबाद में भी अनियमितताएं मिलीं। यहां उपलब्ध दवाओं का स्टाक सीज कर आगे कार्रवाई शुरू की गई।

ऊधम सिंह नगर के फ्यूटेक फार्मास्यूटिकल्स रुद्रपुर पर टीम के पहुंचने पर दुकान बंद मिली। टीम ने फर्म के शटर पर औषधि अधिनियम के तहत नोटिस चस्पा कर मालिक को फोन कर टीम की मौजूदगी में दुकान खोलने के निर्देश दिए।अपर आयुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई प्रदेशभर में लगातार चलती रहेगी। जनता से अपील की गई है कि किसी भी शिकायत या सूचना को तुरंत विभाग को दें, ताकि समय पर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *