उगते सूरज की धरा जापान को नमन

लखनऊ/टोक्यो। सिंगापुर में मिले करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन करने के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अब जापान में हैं। बुधवार को सीएम योगी ने जापान के टोक्यों में निवेशकों को अपने खास अंदाज में संबोधित किया और कहा कि उत्तर प्रदेश आपके निवेश के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। इस दौरान सीएम योगी ने यूपी में स्थित भगवान गौतम बुद्ध से जुड़े पवित्र स्थलों का जिक्र कर निवेशकों के साथ एक आत्मीय संवाद बनाने की भी कोशिश की।

जापान और यूपी के बीच आध्यात्मिक महत्व बताते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश सूर्यवंश के राजा भगवान श्री राम की जन्मस्थली है। भगवान बुद्ध की पावन धरा भी उत्तर प्रदेश ही है और उनसे जुड़े सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थल यूपी में हैं। भगवान बुद्ध का राज्य कपिलवस्तु उत्तर प्रदेश में है। उन्होंने जहां अपना पहला उपदेश दिया, वो पावन धरती सारनाथ उत्तर प्रदेश में है।’

यूपी के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘भगवान बुद्ध ने सबसे ज्यादा चातुर्मास जिस धरती पर बिताए, वो श्रावस्ती भी यूपी में हैं। गौतम बुद्ध ने अपना अंतिम महापरिनिर्वाण जहां किया, वो कुशीनगर उत्तर प्रदेश में है। इसके अलावा कौशांबी सहित कई अहम स्थल, जो बुद्ध से जुड़े हैं, वह भी उत्तर प्रदेश में ही हैं।’

उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए निवेशकों को आमंत्रित करते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘नोएडा एयरपोर्ट के पास ही जापान के निवेशकों के लिए जापान इंडस्ट्रियल सिटी का प्रोजेक्ट आगे बढ़ाया जा रहा है और इसके लिए 500 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। उत्तर प्रदेश का माहौल सुरक्षित है और इसीलिए यहां निवेश भी पूरी तरह सुरक्षित है। यूपी के पास 34 से ज्यादा सेक्टोरल पॉलिसी हैं, जिनके जरिए अलग-अलग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।’

सीएम योगी ने आगे कहा, ‘भारत के एमएसएमई का सबसे बड़ा आधार यूपी के पास है। 96 लाख एमएसएमई यूनिट वर्तमान में यूपी के भीतर कार्यरत हैं और इनमें 3 करोड़ से भी ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। मैं जापान के सभी इंडस्ट्री लीडर्स का आह्वान करता हूं कि आप सबसे अच्छे इन्वेस्टमेंट ड्रीम डेस्टिनेशन यूपी में निवेश करें। आप यूपी आइए, आपका प्रत्येक निवेश सुरक्षित होगा और आपके उज्जवल भविष्य को आगे बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *