कोलंबिया:कोलंबिया में एक वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्लेन में कुल 110 लोग सवार थे. जानकारी के मुताबिक उड़ान भरते ही विमान हादसे का शिकार हो गया. हादसा दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में पेरू सीमा के पास प्यूर्टो लेगुइजामो इलाके में हुआ.
लोकल न्यूज एजेंसी ब्लू रेडियो ने सोमवार को बताया कि विमान में 110 सैनिक सवार थे. कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश के दक्षिणी हिस्से में एक लॉकहीड मार्टिन (LMT.N) का हरक्यूलिस C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि यह दुर्घटना तब हुई जब विमान पेरू की सीमा से लगे कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में स्थित प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भर रहा था और सशस्त्र बलों के सैनिकों को ले जा रहा था. उन्होंने कहा, ‘पीड़ितों की सही संख्या और दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. वहीं, ब्लू रेडियो ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि विमान में 110 सैनिक सवार थे और दुर्घटना एक शहरी केंद्र से महज 3 किलोमीटर (2 मील) की दूरी पर हुई.
बता दें कि इससे पहले फरवरी के आखिरी में बोलिवियाई वायु सेना का एक और हरक्यूलिस सी-130 विमान राजधानी ला पाज के पास घनी आबादी वाले शहर ऑल्टो में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस दर्दनाक हादसे में 20 से अधिक लोग मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए, और विमान के माल से नोट शहर भर में बिखर गए, जिससे लोगों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं.
C-130 विमान का निर्माण अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन करती है. यह विमान न केवल विशाल है बल्कि रक्षा जरूरतों के लिहाज से बेहद मुफीद भी है. इसकी लंबाई 30 मीटर और ऊंचाई 12 मीटर है. जो 19 टन वजन ले जाने में सक्षम है. विमान 643 किलोमीटर की रफ्तार से उड़ान भर सकता है और 3334 किमी उड़ान भर सकता है. इसकी एक खासियत ये भी है कि ये विमान खराब से खराब मौसम में भी उड़ान भरने में सक्षम है. अमेरिका और भारत समेत 23 से ज्यादा देश इस विमान का इस्तेमाल करते हैं.
