देशभर में जारी है अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि का कहर

नईदिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भीषण गर्मी वाले दिनों में मौसम सुहाना बना हुआ है। दूसरी तरफ किसानों के लिए आफत आ गई है। खेतों में खड़ी फसल बारिश-ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है, जबकि कुछ जगह ओले गिर सकते हैं।

4 अप्रैल को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी तक दिखाई दे रहा है, वहीं 7-8 अप्रैल को एक और विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम खराब रहने के आसार हैं। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 5 अप्रैल कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। बिहार में 5-6 और झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 7 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि का असर रह सकता है।

दिल्ली में शनिवार को आंधड़-बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदला नजर आया। आज बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ जगह बूंदाबांदी हो सकती है। सुबह 6 बजे राजधानी का अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है। 7-8 अप्रैल को एक बार फिर अंधड़-बारिश का दौर लौटने की संभावना है। वायु गुणवत्ता सूचकांक की बात करें तो बदले मौसम के कारण यह मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में शनिवार से ही ओलावृष्टि और बारिश का दौर देखा जा रहा है, जिससे कई जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए हैं। कई जगह तो ओलो की सफेद चादर बिछी आई। इससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उत्तर प्रदेश में खराब मौसम के चलते पिछले 48 घंटे में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *