भारत-नेपाल मैत्री बस उत्तराखंड में दुर्घटनाग्रस्त

रुद्रपुर: उत्तराखंड के गदरपुर में आज बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. हरिद्वार से नेपाल जा रही भारत-नेपाल मैत्री सेवा की बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस में सवार यात्रियों में एक माह की मासूम बच्ची समेत कई लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया.

गदरपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. हरिद्वार से नेपाल जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई. यह हादसा गोपाल नगर तिराहे के पास हुआ. बस में चालक दल के तीन सदस्यों सहित कुल 65 यात्री सवार थे. इनमें अधिकांश नेपाल के डांग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान बस चालक को अचानक झपकी आ गई. चालक के नियंत्रण खोने के कारण बस सड़क से उतरकर पास के खाली खेत में जाकर पलट गई. बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.डॉक्टरों के अनुसार घायलों में जया भूटा (40 वर्ष) निवासी काठमांडू और धनश्री नेपाल (36 वर्ष) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रुद्रपुर रेफर किया गया है. अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है.

घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. यात्रियों के अनुसार, इस संबंध में बस संचालित करने वाली फर्म को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है. मौके पर हाईवे कर्मी भी पहुंच गए और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई. बस फिलहाल सड़क किनारे पड़ी हुई है, लेकिन यातायात पूरी तरह सुचारू रूप से चल रहा है. पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *