गैरसैंण में पहली बार दिखा अजगर

गैरसैंण: चमोली जिले के गैरसैंण विकासखंड स्थित गांवली व कोठार गांव के पास विशालकाय अजगर निकला है. बताया जा रहा है कि NH की जेसीबी मशीन नाली सफाई का कार्य रही थी, तभी खुदाई के दौरान एक विशालकाय अजगर निकल आया, जिसे देखकर सब डर गए.

अजगर निकलने की खबर सुनकर आसपास के ग्रामीण व राहगीर भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए. गांव में अजगर दिखने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया, जिसके बाद से सभी ग्रामीण डरे-सहमे हैं. अब लोग खेतों में जाने से भी घबरा रहे हैं.

लोगों ने बताया कि उन्होंने पहली बार इस इलाके में अजगर देखा है, जिससे वो दहशत में हैं. सड़क मार्ग से गुजर रहे कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर रावत ने मामले की सूचना वन विभाग को दी. सूचना पर वन विभाग की टीम अजगर का रेस्क्यू करने मौके पर पहुंची, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

गैरसैंण के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन कर्मियों को अजगर के रेस्क्यू के लिए भेजा गया. वनकर्मियों द्वारा अजगर का सफल रेस्क्यू कर लिया गया है. जिसे सुदूर जंगल में छोड़ दिया जायेगा. अजगर की लंबाई लगभग 10 फीट से अधिक है.

अमूमन गैरसैंण क्षेत्र में अजगर नहीं दिखाई देता है. इस क्षेत्र में पहली बार इस प्रकार से अजगर दिखाई दिया है. हो सकता है कि यह अजगर जंगल से आया हो. वैसे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अमूमन अजगर कम पाया जाता है. समुद्र तल से एक हजार मीटर तक अजगर पाए जाते हैं, लेकिन इतनी ऊंचाई पर अजगर का मिलना अपने आप में एक जांच का विषय है.

बता दें कि बीते दिनों देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में इसी तरह का विशालकाय अजगर दिखाई दिया था, जिसे देखकर भी स्थानीय लोग डर गए थे. दरअसल, कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज में गुजर बस्ती के पास अजगर नाले में फंसा हुआ था, जिसका वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया था. कालसी वन प्रभाग क्षेत्र में मिला अजगर भी करीब 14 फीट लंबा था और उसका वजन भी 55 किलो 300 ग्राम था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *