नई दिल्ली। उत्तरी हैती में सिटाडेल लाफेरियर में मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई है। यह भगदड़ तब मची जब इस ऐतिहासिक जगह पर एक सालाना जश्न मनाने के लिए एक भारी भीड़ जमा हुई थी।रॉयटर्स के अनुसार, हैती के नॉर्ड डिपार्टमेंट में सिविल प्रोटेक्शन के प्रमुख जीन हेनरी पेटिट ने बताया कि यह भगदड़ ऐतिहासिक किले के प्रवेश द्वार पर मची। यह किला 19वीं सदी की शुरुआत में, देश को फ्रांस से आजादी मिलने के कुछ ही समय बाद बनाया गया था।
यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित यह ऐतिहासिक जगह, सालाना कार्यक्रम में शामिल होने आए छात्रों और पर्यटकों से खचाखच भरी हुई थी। पेटिट ने कहा कि भीड़भाड़ और बारिश, दोनों की वजह से हालात तेजी से बिगड़े।हैती के प्रधानमंत्री एलिक्स डिडिएर फिल्स-एम ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। इस दुख की घड़ी में एकजुटता का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि वहां मौजूद कई युवा भी शामिल थे, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक पीड़ितों की पहचान की पुष्टि नहीं की है और न ही हताहतों का विस्तृत ब्यौरा दिया है। घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
