हिमाचल के उद्योगपति ने BKTC को दान किये ₹1 करोड़

देहरादून(उत्तराखंड): बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शुमार डॉ. महिंदर शर्मा ने अपनी आस्था का परिचय दिया है. उद्योगपति डॉ. महिंदर शर्मा ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को ₹1 करोड़ का दान दिया है. हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी डॉ. महिंदर शर्मा ने बदरी विशाल और बाबा केदार के चरणों में यह भेंट अर्पित की है.

डॉ. महिंदर शर्मा बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य भी हैं. उन्होंने बदरीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ₹1 करोड़ का चेक मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपा. इस मौके पर हेमंत द्विवेदी ने उत्तराखंड सरकार और मंदिर समिति की ओर से महिंदर शर्मा के इस श्रद्धाभाव की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया. उन्होंने भगवान बदरी विशाल और केदारनाथ से महिंदर शर्मा के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की.महिंदर शर्मा इससे पहले भी वैष्णो देवी, केदारनाथ धाम, हिमाचल प्रदेश के ज्वाला देवी और चिंतपूर्णी मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों पर दान दे चुके हैं. उनके इस योगदान को धार्मिक आस्था और सेवा भावना का प्रतीक माना जा रहा है.

कार्यक्रम के इस दौरान मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान और निजी सचिव प्रमोद नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. समिति की ओर से महिंदर शर्मा को भगवान बदरी विशाल का प्रसाद शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, सचिव भगवती प्रसाद डिमरी, उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी समेत कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने महिंदर शर्मा के इस दान की सराहना की. उन्होंने उन्हें सनातन धर्म के लिए समर्पित एक सच्चा सेवक बताया.

बता दें उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है. 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले थे. इस बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुले. बीते रोज यानि 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले. चारों धामों के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है. पांच दिनों में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 1 लाख 30 हजार पार कर गया है. केदारनाथ में 2 दिनों में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 हजार के पार जा चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *