वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सबसे ताजा धमकी देते हुए अमेरिका के साथ जल्द डील करने को कहा है। ट्रंप ने रविवार को कहा कि अगर ईरान ने अमेरिका के ताजा शांति प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया तो देश में कुछ भी नहीं बचेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में कहा, “ईरान के लिए घड़ी की टिक-टिक शुरू हो चुकी है और उन्हें अब तेजी से कदम उठाने होंगे वरना वहां उनका कुछ भी नहीं बचेगा। समय बहुत अहम है।”
ट्रंप की ताजा टिप्पणी उनके इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात करने के लिए कुछ समय बाद आई है। इजरायली रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों नेताओं ने करीब आधे तक चली बातचीत में ईरान को लेकर चर्चा की, जिसमें नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल की सेना हर स्थिति के लिए तैयार है।
इस बीच जानकारी सामने आई है कि अमेरिका ने ईरान को बातचीत शुरू करने के लिए 5 शर्तें भेजी हैं। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि अमेरिकी शर्तों में यूरेनियम को सौंपे जाने की मांग प्रमुख है।अमेरिकी शर्तों के जवाब में तेहरान ने भी बातचीत के लिए पांच शर्तें सामने रखी हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट ने इन पांच शर्तों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेहरान ने कहा है कि वह अमेरिका के इसे स्वीकार करने के बाद ही बातचीत की मेज पर लौटेगा।
ट्रंप की ताजा धमकी की टाइमिंग इसलिए भी अहम है, क्योंकि ऐसी रिपोर्ट आ रही हैं कि अमेरिका, ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य हमला शुरू करने की तैयारी कर रहा है। एक्सियोस ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को टॉप सुरक्षा सलाहकारों के साथ सिचिएशन रूम में बैठक कर सकते हैं। दो अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि बैठक में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर चर्चा की उम्मीद है।

