नई दिल्लीः दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी पड़ रही है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. रात के तापमान में पर्याप्त गिरावट नहीं होने की वजह से आम लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है.
उत्तर प्रदेश में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है. पूरे राज्य में 20 और 21 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 22 से 26 मई के लिए वेस्ट यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट और ईस्ट यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 19 मई को यूपी के बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक उत्तर भारत में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है. ऐसे में अगले कुछ दिन मुश्किल भरे रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर में लू चलेगी और शाम तक गर्मी का असर बना रह सकने की संभावना है.
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यानी लू लगने, डिहाइड्रेशन और सांस संबंधी परेशानियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इस बीच दिल्ली में हवा की गुणवत्ता भी खराब और बेहद खराब की श्रेणी में बनी हुई है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और प्रदूषण मिलकर लोगों की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं.
डॉक्टरों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. घर से निकलना अवॉइड करें. अगर बाहर जाना ज़रूरी हो तो छाता लेकर चलें या फिर कॉटन के गमछे या दुपट्टे से अपना सिर ढककर चलें. बाहर निकलते वक्त पानी की बोतल साथ रखना न भूलें.
गर्मी में पसीना ज्यादा निकलता है. पसीने की वजह से इलेक्ट्रोलाइट लॉस होता है. इसे मेन्टेन करने के लिए डॉक्टर्स इलेक्ट्रॉल पीने की सलाह देते हैं. अगर आपके पास इलेक्ट्रॉल नहीं है तो आप सादे पानी में नमक और चीनी घोलकर पी सकते हैं. नींबू की शिकंजी भी एक बेहतर ऑप्शन है.

