हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम आज करवट बदल सकता है. मौसम विभाग की यदि भविष्यवाणी सच साबित होती है तो लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी. साथ ही कई क्षेत्रों में उष्ण लहर (Heat Wave) को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है.

गौर हो कि उत्तराखंड मौसम विभाग ने आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है. जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. हरिद्वार,पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और देहरादून जिले से सटे स्थानों पर व उत्तरकाशी जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं उष्ण लहर (Heat Wave) का अंदेशा जताया गया है. जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. वहीं बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान मुख्यत: साफ रहेगा. कुछ स्थानों पर उष्ण लहर (Heat Wave) की संभावना है. अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 40°C तथा 23°C के लगभग रहने की संभावना है.

उत्तराखंड में भी हीट वेव का भीषण प्रकोप देखने को मिल सकता है. अलर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से जारी एडवाइजरी के तहत सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हीट वेव से सम्बंधित बीमारियों (HRI) की रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन के लिए निर्देशित किया गया है. भारतीय मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से अधिक तापमान का पूर्वानुमान जताया है.

उधम सिंह नगर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिले में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के संचालन समय में बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं. साथ ही जिलाधिकारी ने नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त एक्शन लेने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *