नई दिल्ली: मौसम ने लोगों को अपने कई रूप दिखाए। सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं व सुहावने मौसम से हुई। दोपहर के समय उमस व धूप ने थोड़ा परेशान किया तो वहीं शाम होते-होते तेज बौछार और आंधी ने फिर मौसम सुहाना कर दिया। हालांकि रविवार को मौसम साफ रहेगा और सोमवार से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा।
मई के पूरे महीने में मैसम का मिजाज कुछ अलग ही रहा है। पहले 15 दिन सामान्य से ठंडे रहे। इन 15 दिनों में तापमान महज एक दिन 40 डिग्री से ऊपर गया। 14 मई को तापमान 40.6 डिग्री रहा था। वहीं बाद के 15 दिन सामान्य से कहीं अधिक गर्मी रही। इन पंद्रह दिनों में महज दो दिन तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। इस दौरान 9 दिन तापमान 43 डिग्री से अधिक रहा। सफदरजंग में एक दिन, अन्य जगहों पर पांच दिन लू की स्थिति रही।
बारिश की बात करें तो मई में इस बार सामान्य से कम 18.5 एमएम बारिश हुई है। अब रविवार को बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जबकि मई में सामान्य तौर पर 30.7 एमएम बारिश होती है। सामान्य से करीब 43 से 44 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान महज 24.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है।
शाम करीब 5 बजे तेज बौछारें शुरू हो गई। 10 से 20 मिनट तक कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ बौछारें पड़ी। सफदरजंग में 0.9 एमएम, पालम में बूंदाबबंदी, लोदी रोड 3.5 एमएम, रिज में 0.4 एमएम, आया नगर में 0.2 एमएम बारिश हुई। पूर्वानुमान के अनुसार संडे को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रह सकता है। जून की शुरुआत सामान्य से ठंडी रहेगी।
राजधानी की हवा में बारिश और हवाओं की वजह से न धूल बची है, न ही पेएम 2.5 के छोटे कण। ऐसे में शनिवार इस साल का अब तक का सबसे साफ दिन रहा। करीब 21 दिन बाद एक्यूआई 100 से नीचे आकर सतोषजनक स्तर पर पहुंच गया। इस साल यह 6वीं बार है जब एक्यूआई संतोषजनक स्तर पर रहा है। इससे पहले 8 मई को एक्यूआई 100 दर्ज किया गया था।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के एयर बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई महज 85 रहा। यह इस साल का सबसे कम एक्यूआई है। फरीदाबाद का एक्यूआई 109, गाजियाबाद का 104, ग्रेटर नोएडा का 105, गुरुग्राम का 86, नोएडा का 143 रहा।
