देहरादून: उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बूथ स्तर पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने संगठन की सबसे छोटी इकाई को ही आगामी में चुनावी जीत की सबसे बड़ी ताकत बताया.भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ पर फोकस करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर आगामी चुनावी रणनीति का स्पष्ट संदेश दिया.
बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद: उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया और कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मजबूती है. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शनिवार सुबह अपने कार्यक्रमों की शुरुआत देहरादून स्थित प्रसिद्ध पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की.
मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान शिव का विधिवत पूजन किया और देश, प्रदेश व समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा. मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया. पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे संगठनात्मक कार्यक्रमों में जुट गए.
टपकेश्वर कॉलोनी के बूथ संख्या 140 पर पहुंचे: सबसे पहले वे गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर कॉलोनी के बूथ संख्या 140 पर पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर उनका स्वागत किया गया. यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मौजूद रहे.
बूथ अध्यक्षों से लिया ग्राउंड का फीडबैक: बूथ अध्यक्ष के घर पर आयोजित जलपान कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक चर्चा की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, जनता की अपेक्षाओं, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन व संगठन की गतिविधियों को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाते हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के परिजनों से भी मुलाकात की और उनके साथ आत्मीय बातचीत की.
बूथ समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की: इसके बाद नितिन नवीन डाकरा बाजार स्थित बूथ संख्या 138 पहुंचे. यहां बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर बूथ समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में उन्होंने बूथ समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की. साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए.
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संरचना की सबसे मजबूत कड़ी बूथ है. यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो चुनावी सफलता सुनिश्चित होगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘बूथ जीता, तो चुनाव जीता’ के मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया.
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहना चाहिए. केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों, जनभावनाओं और राजनीतिक परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखने का भी आह्वान किया.
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से एक-एक कर संवाद किया और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर जानकारी प्राप्त की. उन्होंने आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए. माना जा रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अभी से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने में जुट गया है.
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विकसित भारत 2047 ट्रांसफॉर्मेटिव रोल ऑफ हायर एजुकेशन विषय पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में एक भव्य अकादमिक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, विकसित भारत 2047 का सपना अब केवल सरकार का नहीं बल्कि समस्त 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प बन गया है. वहीं उन्होंने अपनी जन्मभूमि बिहार को ज्ञान और उत्तराखंड को ज्ञान एवं अध्यात्म का अद्भुत संगम बताया.
