मार्कशीट सत्यापन के दौरान पुलिस टीम पर हमला, दो महिला समेत तीन लोग हिरासत में

रुद्रपुर: कोतवाली क्षेत्र की रम्पुरा बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्रा की मार्कशीट की तस्दीक करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर हाथापाई कर दी. आरोप है कि घटना में एक सिपाही की वर्दी फट गई, जबकि दूसरे सिपाही का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. सूचना मिलते ही कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो महिलाओं व एक पुरुष को हिरासत में ले लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

कोतवाली क्षेत्र की रम्पुरा बस्ती में उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब रम्पुरा चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मी एक छात्रा की मार्कशीट और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए वार्ड-24 स्थित जीएस पब्लिक स्कूल पहुंचे. पुलिसकर्मी नियमित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जांच और तस्दीक करने के लिए विद्यालय पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि स्कूल पहुंचने पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि विद्यालय के प्रधानाचार्य उस समय स्कूल में मौजूद नहीं हैं और अपने घर पर हैं. इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी प्रधानाचार्य के निवास पर पहुंचे, जो रम्पुरा बस्ती में ही स्थित है.

वहां पहले से कुछ महिलाएं मौजूद थी. पुलिसकर्मियों ने दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ शुरू की और उपलब्ध अभिलेखों का मिलान किया. प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संबंधित दस्तावेजों में मकान को किराए का दर्शाया गया था, जबकि मौके पर स्थिति कुछ अलग दिखाई दी. पुलिसकर्मी इसी संबंध में जानकारी जुटा रहे थे और दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस और वहां मौजूद कुछ महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस कुछ ही देर में विवाद में बदल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

आरोप है कि कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी. इस दौरान एक सिपाही की वर्दी फट गई. वहीं, दूसरे सिपाही ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश सिंह दानू और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की और भीड़ को मौके से हटाया. पुलिस की मौजूदगी के बाद माहौल शांत हुआ.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, हाथापाई में घायल हुए सिपाही को जिला अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि पुलिसकर्मी सरकारी ड्यूटी के तहत दस्तावेजों का सत्यापन करने गए थे.

घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *