यूरोप में गर्मी का कहर: फ्रांस में शवों को रखने की जगह कम

पेरिस। यूरोप में जारी भीषण हीटवेव ने फ्रांस में हालात गंभीर कर दिए हैं। रिकार्ड तापमान के बीच मौतों में अचानक बढ़ोतरी से कई शवगृह क्षमता से ज्यादा भर गए हैं।

कई स्थानों पर अंतिम संस्कार के लिए 10 जुलाई तक की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, जबकि शवों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत महसूस होने लगी है।फ्रांस की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, पिछले बुधवार से रविवार के बीच देश में 1,000 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं। एजेंसी ने कहा है कि यह शुरुआती आकलन है और अंतिम आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है।पेरिस के निकट ओरली स्थित शवगृह संचालक जौहैर हेर्तेली ने बताया कि उनके यहां रेफ्रिजरेटेड शवगृह में 32 शव रखने की क्षमता है और सभी स्थान भर चुके हैं।

केवल पिछले सप्ताहांत में ही उन्हें 150 से अधिक फोन आए, लेकिन जगह नहीं होने के कारण किसी भी शव को स्वीकार नहीं किया जा सका।हेर्तेली ने कहा कि परिवारों, वृद्धाश्रमों, पुलिस और स्थानीय प्रशासन से लगातार मदद के लिए फोन आ रहे हैं। अंतिम संस्कार में हो रही देरी के कारण शवों को सामान्य से अधिक समय तक सुरक्षित रखना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अतिरिक्त शवों के लिए रेफ्रिजरेटेड ट्रेलर इस्तेमाल करने की अनुमति भी मांगी है।

फ्रांस के मौसम विभाग मेटियो-फ्रांस ने चेतावनी दी है कि फिलहाल कुछ इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट आई है, लेकिन सप्ताहांत से फिर गर्मी बढ़ सकती है। अगले सप्ताह भी कई क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे अधिक प्रभावित बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अकेले रहने वाले बुजुर्गों और अपने पड़ोसियों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि लगातार गर्मी उनके लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *