नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस लामबंद

देहरादून: देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस मुखर है. देहरादून में कांग्रेसियों ने रिया थापा के निवास पूजा विहार से कैंडल मार्च निकाल कर विरोध जताया. साथ ही कांग्रेसियों ने इस दौरान बीजेपी पर जमकर निशाना साधा.

इस दौरान रिया के परिजन, रिश्तेदार, स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले रिया थापा को श्रद्धांजलि अर्पित की और 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा की असमय मृत्यु केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रतीक है. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने, भ्रष्टाचार और सरकारी लापरवाही के चलते लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल दिया गया है.

उन्होंने कहा कि कई सालों की मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास सरकार की व्यवस्थाओं से उठ चुका है, और उनके सपनों के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने में सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है. इधर देहरादून की छात्रा रही रिया थापा को न्याय दिलाने और देश के छात्रों की आवाज को बुलंद करने के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में देहरादून में मशाल जुलूस निकाला गया, जहां छात्र-छात्राओं, युवाओं अभिभावकों और तमाम नागरिकों ने इस मशाल जुलूस में प्रतिभाग किया.

ज्योति रौतेला का कहना है कि इस जन आंदोलन में भाग लेकर युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवा भविष्य में किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा छात्रों का अभियान आज जन-जन की आवाज बन रहा है. यह संघर्ष केवल रिया थापा को न्याय दिलाने का नहीं बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, जवाबदेही और देश के प्रत्येक छात्र के सम्मान की लड़ाई है.

गौर हो कि 23 साल की रिया थापा ने बीते दिनों अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी. उसका शव फंदे से लटका मिला. देहरादून की रहने वाली रिया थापा 12वीं के बाद मेडिकल की तैयारी शुरू की थी. 12वीं परीक्षा में 97.6 फीसदी अंक प्राप्त कर वो री-नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *