बदरीनाथ धाम के गर्भगृह में स्पाई कैमरा लेकर घुसा श्रद्धालु

चमोली: विश्व प्रसिद्ध चारधाम में शुमार बदरीनाथ धाम के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से अवैध तरीके से वीडियो रिकॉर्डिंग करना एक श्रद्धालु को भारी पड़ गया. बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन के मामले में चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. जिसके तहत श्रद्धालु के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान कर दिया. साथ ही सख्त हिदायत भी दी.

चमोली पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुंबई के नोहर रोड निवासी जयप्रकाश पांडे पर आरोप था कि वो बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे (चश्मे वाला कैमरा) के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ फोटो ले रहा था. जिसे मंदिर प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया. मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सभी वीडियो और फोटो तत्काल प्रभाव से डिलीट करवाए दिए. साथ ही चालानी कार्रवाई की.

हिंदू मंदिरों में गर्भगृह को सबसे पवित्र स्थान माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यही वो स्थान होता है, जहां मुख्य आराध्य देवता की प्रतिमा स्थापित होती है. इसे श्रद्धा, एकाग्रता के साथ पवित्रता का अहम केंद्र माना जाता है. यही वजह है कि ज्यादातर प्राचीन और प्रमुख मंदिरों में गर्भगृह के भीतर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगाया जाता है.

विशेषज्ञों और मंदिर प्रशासन की मानें तो इसके पीछे कई कारण हैं. पहला कारण धार्मिक मर्यादा और आस्था का संरक्षण माना जाता है. क्योंकि, गर्भगृह को पूजा-अर्चना के साथ ध्यान का स्थान माना जाता है. ऐसे में कैमरे या अन्य उपकरणों से रिकॉर्डिंग करने से धार्मिक वातावरण प्रभावित हो सकता है.

दूसरा कारण सुरक्षा माना गया है. क्योंकि, प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था एवं आंतरिक संरचना को गोपनीय (गुप्त) रखा जाता है. ताकि, इससे किसी प्रकार की सुरक्षा की चूक न हो. इसके अलावा तीसरा कारण गोपनीयता और व्यवस्था बनाए रखना है. क्योंकि, अगर फोटो या फोटोग्राफी की अनुमति दी जाए, तो श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

इसके अलावा सांस्कृतिक एवं परंपरागत मान्यता भी इसका कारण माना गया है. क्योंकि, यह सदियों से चली आ रही परंपरा है. ऐसे में मंदिरों की विशिष्ट आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना भी आवश्यक माना जाता है. वहीं, पुलिस और मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से खास अपील भी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *