देहरादून: देहरादून में गढ़ी कैंट थाना क्षेत्र के घट्टीगोला पुल के समीप सोमवार शाम सड़क सुधारीकरण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से दो मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे चले अभियान के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया।
घटना उस समय हुई जब सड़क के सुधारीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे आ गिरे, जिसकी चपेट में आकर दोनों मजदूर दब गए। रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक मलबा हटाया और दोनों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान कवि कृष्णा और योगेंद्र के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया जा रहा है।
