चलती बस में दरिंदगी और फिर सड़क पर फेंका

दिल्ली :दिल्ली के रानी बाग इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह देर रात फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी. इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े एक युवक से समय पूछा, लेकिन कुछ ही सेकेंड में उसकी जिंदगी डर और दर्द से भर गई.महिला के मुताबिक, युवक ने उसे जबरदस्ती बस के अंदर खींच लिया. बस में पहले से कुछ और लोग मौजूद थे. इसके बाद चलती बस में करीब दो घंटे तक उसके साथ दरिंदगी की गई.

पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान बस अलग-अलग इलाकों में घूमती रही और नांगलोई इलाके तक गई. महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी. आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की.करीब दो घंटे बाद आरोपी महिला को घायल हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गए. किसी तरह महिला ने खुद को संभाला और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में ले लिया है. साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान हो सके.पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है.

पीड़िता पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है. उसने पुलिस को बताया कि उसके पति बीमार रहते हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है. महिला की तीन छोटी बेटियां हैं. इसी वजह से उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया. महिला ने कहा कि अगर वह काम पर नहीं जाएगी तो घर चलाना मुश्किल हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *