देहरादून का पारा 36 पर

देहरादून : प्रदेश में पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दून का तापमान इस सीजन में अभी तक पहली बार 36 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है। दिन में शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। चार हजार मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।

देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 35.9 व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 36.2 व न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस न न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 24.6 डिग्री सेल्सियस न न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पहाड़ों में चमोली, रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी जनपदों में कही-कहीं दोपहर में हल्के बादल छाये रहे। मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहा और चटख धूप खिलने से दोपहर में गर्मी ने बेहाल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *