चमोली: ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे एक डंपर पहाड़ी से सीधे नीचे नदी में गिर गया. हादसा गौचर-कर्णप्रयाग के बीच पंचपुला में हुआ. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
बताया जा रहा है कि देर रात तक भी डंपर का कुछ पता नहीं चल पाया था. अंधेरा ज्यादा होने के कारण सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया. अब कल रविवार 28 जून सुबह को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा. फिलहाल पुलिस की तरफ से जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार डंपर संख्या UK11 CA 2536 कालेश्वर से गौचर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पंचपुला के पास ड्राइवर का नियंत्रण हो गया और डंपर बेकाबू होकर ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे से सीधे नदी में जा गिरा.
वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर नदी में गिरते हुए डंपर पर पड़ी. उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. इस संबंध में त्रिवेंद्र सिंह ने बताया कि पंचपुला के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर नदी में समा गया है. रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार खोजबीन की गई, लेकिन देर रात तक न तो वाहन का पता चल पाया और न ही चालक का. उन्होंने बताया कि वाहन में चालक के अलावा अन्य लोग सवार थे या नहीं, इसकी भी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है.
जानकारी के अनुसार, डंपर चालक की पहचान गिरीश सिंह पुत्र करण सिंह, निवासी गदासू, विकासखंड नंदानगर, थाना क्षेत्र नंदानगर के रूप में हुई है. चालक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. अंधेरा होने के कारण देर रात रेस्क्यू अभियान को स्थगित कर दिया गया, जबकि रविवार सुबह पुनः एसडीआरएफ और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर लापता चालक और वाहन की तलाश शुरू करेगी. पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है. स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
