देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के दस्तक से पहले ही अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. जिसको देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. खासकर चारधाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वो बरसात के दौरान यात्रा करने से बचें.
इसके अलावा आगामी मानसून सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से तमाम व्यवस्थाएं भी मुकम्मल कर ली गई हैं. ऐसे में व्यवस्थाओं का जायजा लिए जाने को लेकर 2 जुलाई को प्रदेश के 70 स्थानों पर मॉक ड्रिल किया जाएगा. जिसमें आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा.
दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 जून से 3 जुलाई तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की है. मुख्य रूप से इन चार दिनों के दौरान प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में बारिश के साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
यही वजह है कि मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सावधानियां बरतने से संबंधित तमाम सुझाव भी दिए गए हैं. ऐसे में अगले 4 दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अलर्ट भी जारी कर दिया गया है. साथ ही सभी अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं कि वो एक्टिव मोड पर रहें.
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून को देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. जबकि, पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमक सकती है. साथ ही 30-40 किमी की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती है.
30 जून को पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. जबकि, सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना है. वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हवाएं चल सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने 29 और 30 जून को येलो अलर्ट जारी किया है.
आगामी 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान पहाड़ी इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हो सकती है.
2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने चेतावनी के तौर पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 3 जुलाई को नैनीताल, देहरादून, बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. जबकि, सभी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकता है.
वहीं, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्रदेश के तमाम जिलों में अलग-अलग समय पर बारिश की संभावना है. जिसको देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, ये अलर्ट नॉर्मल कैटिगरी का है, लेकिन लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है.
लोगों से अपील है कि बारिश के दौरान यात्रा करने से बचें. क्योंकि, बारिश के दौरान पत्थर गिरने और दुर्घटना का डर बना रहता है. वर्तमान समय में चारधाम यात्रा बेहतर ढंग से चल रही है. अभी तक 41 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, लेकिन श्रद्धालुओं को चाहिए कि बरसात के दौरान यात्रा न करें. बल्कि, बारिश रुकने के बाद ही यात्रा करें.
इसके अलावा उन्होंने बताया कि मानसून की तैयारियों को लेकर 2 जुलाई को मॉक ड्रिल कराने जा रहे हैं. इसके लिए सभी जिलों के 70 स्थान चिन्हित किए गए हैं. जिसकी बैठक पहले ही हो गई है. साथ ही मॉकड्रिल को लेकर 30 जून को टेबल टॉक बैठक की जाएगी.
