मैदानी इलाकों में गर्म हवाएँ करेंगी परेशान

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी जिलों में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री तक अधिक होने से गर्म हवाएं परेशान करेंगी। रविवार को देहरादून का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिससे पूरे दिन भीषण गर्मी रही। आज सोमवार को भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने आज से मैदानी क्षेत्रों में लू चलने को लेकर चेतावनी भी जारी की है। जबकि पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में गर्म हवाओं के साथ ही पारा एक बार फिर चढ़ने लगा है। रविवार को देहरादून का तापमान सामान्य से 5 डिग्री बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंतनगर का अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। जबकि पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 किलोमीटर की तेजी से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।

बढ़ते तापमान के कारण लोग इस भीषण गर्मी में डायरिया, वायरल बुखार जैसे बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। वही पीलिया के साथ ही हेपेटाइटिस ए के मरीज भी बढ़ रहे हैं। बाहर गलत खाना खाने के कारण लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *