शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन के कारण रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी चट्टानों के पर्यटकों की कार पर गिरने से नौ लोगों की मौत बताई जा रही है। ये टूरिस्ट दिल्ली-एनसीआर के बताए जा रहे हैं।भूस्खलन में एक पुल भी टूट गया। यह घटना सांगला घाटी में हुई।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना किन्नौर जिले में बटेसरी के गुंसा के पास हुई। यहां सांगला की ओर आ रही पर्यटकों की कारें भूस्खलन की चपेट में आ गईं। फिलहाल, 9 लोगों की मौत और 3 लोगों के घायल होने का समाचार है। बताया जा रहा है कि ये पर्यटक दिल्ली और चंडीगढ़ से हिमाचल घूमने आए थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी के अनुसार उस क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा है, इस कारण से बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। किन्नौर के एसपी साजू राम राना ने बताया है कि बटसेरी पुल टूट गया है। रेस्क्यू टीम पहुंच गईं हैं।
ऐसी भी खबरें हैं कि इन टूरिस्टों को स्थानीय अधिकारियों ने दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर जाने से मना किया था। लेकिन वे किसी तरह से पुलिस की नजर बचाकर निकल गए थे।