सुबह कड़ाके की ठंड और घना कोहरा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शीतलहर और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। इस बीच एक राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब धीरे-धीरे कोहरा कम होगा। कड़कड़ाती ठंड में भी कमी आएगी। बारिश की अभी दस दिनों तक कोई संभावना नहीं है। एक्सपर्ट के अनुसार, राजधानी में जबर्दस्त ठंड के दिन बीत चुके हैं। हालांकि ठंड के एक से दो झोंके और आ सकते हैं। यह बहुत अधिक लंबे नहीं होंगे। हालांकि आज सुबह से ही आसमान में घना कोहरा है और तापमान भी कम है।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलने लगी। सुबह करीब सात बजे तक कुछ इलाकों में काफी घना कोहरा रहा। इसके बाद इसे कमी आई। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 6.6 डिग्री तक रहा। हवा में नमी का स्तर 56 से 100 प्रतिशत तक रहा। गुरुग्राम में अभी भी अधिकतम तापमान 15 डिग्री और गाजियाबाद में 14.9 डिग्री रहा।

अब शुक्रवार को मौसम के साफ रहने की संभावना है। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलेगी। इसकी वजह से दिन में लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। सुबह के समय कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है। 20 जनवरी को भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह जाएगा।

स्काईमेट के अनुसार राजधानी में पिछले कुछ समय से ठंड और कोहरे ने लोगों को काफी परेशान रखा है। करीब एक से 11 जनवरी तक दिन के समय धूप नहीं निकली। वहीं 12 से 16 जनवरी तक न्यूनतम तापमान भी 4 डिग्री से कम रहा। अब जाकर इस कड़कड़ाती ठंडक से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि अब भी सुबह शाम की कंपकंपी बनी हुई है। अब ठंड का पीक सीजन लगभग बीत चुका है।

तापमान में अगले पांच से छह दिनों तक बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। लगातार धूप निकलने से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री का इजाफा हो सकता है। बारिश की संभावना नहीं है। इसके चलते न्यूनतम तापमान भी 5 से 7 डिग्री के आसपास अभी बना रहेगा। 2012 से अब तक राजधानी में जनवरी कभी पूरी तरह शुष्क नहीं रही। इस दौरान सबसे कम बारिश 2018 में 4.4 एमएम हुई थी।

राजधानी में गुरुवार को प्रदूषण के स्तर में काफी कमी दर्ज की गई। तीन दिनों से प्रदूषण गंभीर स्तर पर नहीं है। ऐसे में लोग ग्रैप-3 हटाने की बार-बार मांग कर रहे थे। एक्यूआई 401 से 450 के बीच रहने पर ग्रैप-3 की पाबंदियां लगाए जाने का प्रावधान है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार गुरुवार को एक्यूआई महज 318 रहा। 11 जगहों पर प्रदूषण खराब स्तर पर रहा।

वहीं 28 जगहों पर प्रदूषण बेहद खराब रहा। 14 जनवरी को प्रदूषण का स्तर गंभीर होने के बाद कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) ने ग्रैप-3 लागू किया था। 14 जनवरी को एक्यूआई 447 रहा था। ग्रैप-3 लगाने के अगले ही दिन 15 जनवरी को यह कम होकर 359 पर आ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *