नशा करने से रोका तो मां पर ही दागी गोली

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आईडीपीएल चौकी की बांध विस्थापित कॉलोनी में एक युवक ने नशा करने से रोकने पर 12 बोर के तमंचे से अपनी ही मां को गोली मार दी. गोली लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात विस्थापित कॉलोनी में हुई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुमित गौड़ नशे का आदी है. रविवार रात जब उसकी मां ऊषा देवी ने उसे नशा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में सुमित ने घर में मौजूद 12 बोर के तमंचे से अपनी मां पर फायर कर दिया.

गोली मां ऊषा देवी को लगी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़ीं. गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा कहां से आया, वो लाइसेंसी था या अवैध. इसके साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

वहीं, इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की लत ने एक बेटे को इतना निर्दयी बना दिया कि उसने अपनी ही मां की जान लेने की कोशिश की. फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *